- अमेरिका से आयातित वस्तुएं सस्ती होंगी और व्यापार में राहत मिलेगी मुंबई (ईएमएस)। भारत और अमेरिका के बीच नई ट्रेड डील अंतिम रूप ले चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए 50 फीसदी तक के टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। इसके परिणामस्वरूप अमेरिका से आयातित वस्तुएं सस्ती होंगी और व्यापार में राहत मिलेगी। इस डील के तहत अमेरिका ने भारत को वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदने की अनुमति दी है। वेनेजुएला का मेरी 16 हेवी क्रूड अंतरराष्ट्रीय बाजार भाव से लगभग 10-12 डॉलर प्रति बैरल सस्ता उपलब्ध है। यह भारत को रूस पर अत्यधिक निर्भरता घटाने का मौका देता है। एसबीआई के अध्ययन के अनुसार अगर भारत रूस के बजाय वेनेजुएला से तेल खरीदता है, तो सालाना 27,081 करोड़ रुपए (करीब 3 अरब डॉलर) की बचत हो सकती है। यह सीधे तौर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दबाव कम करने में मदद करेगी। यूक्रेन युद्ध के बाद भारत ने रूस से रियायती दरों पर तेल खरीदा था, जिसकी हिस्सेदारी वित्त वर्ष 25 में 30 फीसदी से अधिक हो गई थी। अब भारत के पास लगभग 40 देशों से तेल खरीदने के विकल्प हैं, जिनमें वेनेजुएला, सऊदी अरब, इराक, यूएई, अमेरिका और पश्चिमी अफ्रीकी देश शामिल हैं। इससे भारत की ऊर्जा आपूर्ति सुरक्षित और संतुलित रहेगी। सतीश मोरे/04फरवरी ---