मुंबई, (ईएमएस)। महिला एवं बाल विकास विभाग ने घोषणा की है कि लाडली बहन योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया के कारण तीन महीने की किस्त 4500 रुपया जिसमें देरी हुई थी, अब लाभार्थियों को एक साथ दी जाएगी। मालूम हो कि राज्य सरकार द्वारा विधानसभा चुनावों से पहले शुरू की गई लाडली बहन योजना, राज्य की महिलाओं को उनके बैंक खातों के माध्यम से सीधे वित्तीय सहायता प्रदान करती है। इस योजना के तहत हर महीने 1500 रुपये दिए जाते हैं। इस बीच तीन महीने का क़िस्त लाडली बहनों को नहीं मिला है इसलिए अब राज्य सरकार ने नवंबर, दिसंबर और जनवरी महीनों की किस्तें एक साथ जारी करने का फैसला किया है। वहीं अधूरे ई-केवाईसी के कारण, लाडली बहन योजना की कई महिला लाभार्थियों की किस्तें रोक दी गई थीं। पैसा जमा नहीं होने के कारण कुछ महिलाओं ने संबंधित अधिकारियों से अपनी नाराजगी और गुस्सा व्यक्त किया था। दरअसल ई-केवाईसी पूरा करने के बाद भी पैसा उनके खातों में जमा नहीं हुआ था। कुछ जगहों पर महिलाओं को सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करते भी देखा गया। इसी के मद्देनजर महिला एवं बाल कल्याण विभाग ने संबंधित महिलाओं के घरों का दौरा करके जांच के आदेश दिए थे। नियमों और शर्तों का उल्लंघन करके जमा किए गए आवेदनों का वर्तमान में सत्यापन किया जा रहा है। अब खबर है कि राज्य सरकार ने नवंबर, दिसंबर और जनवरी महीनों की किस्तें एक साथ जारी करने का फैसला किया है। इस फैसले के अनुसार, अब पात्र लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 4500 रुपये जमा किए जाएंगे। कुछ महिलाओं को पहले ही दो महीने की किस्तें मिल चुकी हैं। जिनकी नवंबर और दिसंबर की किस्तें लंबित थीं, उन्हें अब 4500 रुपये की संयुक्त राशि मिलेगी। जिन्हें पहले ही दो किस्तें मिल चुकी हैं, उन्हें केवल जनवरी की किस्त मिलेगी। स्वेता/संतोष झा- ०४ फरवरी/२०२६/ईएमएस