इंदौर (ईएमएस)।इंदौर को स्वच्छता में देश का सिरमौर बनाए रखने की दिशा में नगर निगम ने एक और कदम बढ़ाया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बुधवार को फूटी कोठी क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड 83 (झोन 15) में नवनिर्मित सुलभ शौचालय परिसर का विधिवत लोकार्पण किया। इस आधुनिक परिसर का निर्माण आरईसी लिमिटेड के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के सहयोग से किया गया है। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर की सफलता के पीछे हमारे स्वच्छता मित्रों का कड़ा परिश्रम और सार्वजनिक सुविधाओं का सुदृढ़ नेटवर्क है। उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ती आबादी और जरूरतों को देखते हुए जनसुविधाओं का विस्तार अनिवार्य है। सीएसआर के माध्यम से निजी और सरकारी उपक्रमों का सहयोग मिलने से विकास कार्यों को गति मिल रही है और निगम के संसाधनों पर भार भी कम हो रहा है। इस अवसर पर महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, क्षेत्रीय पार्षद जितेंद्र राठौर और रमेश खत्री सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने भी इस सुविधा के शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। महापौर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवनिर्मित परिसरों के नियमित रखरखाव और सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि नागरिकों को उच्च स्तरीय सुविधाएं निरंतर मिलती रहें। प्रकाश/04 फरवरी 2026