नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में गुरुवार को विपक्ष के जोरदार हंगामें के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव ध्वनिमत से पास हो गया है। इसके बाद ही लोकसभा की कार्यवाही को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। गौरतलब है कि धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब बुधवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देना था। पीएम मोदी के जवाब के लिए 4 फरवरी को शाम 5 बजे का समय तय था, लेकिन विपक्ष के जोरदार हंगामे के चलते पीएम मोदी का संबोधन नहीं हो सका था। इसके बाद संभावनाएं जताई गईं थीं कि गुरुवार को पीएम मोदी चर्चा का जवाब दे सकते हैं। बहरहाल इन तमाम कयासों पर विराम लग चुका है और पीएम मोदी के संबोधन के बिना ही विपक्ष द्वारा किए जा रहे जोरदार हंगामे के बीच धन्यवाद प्रस्ताव को लोकसभा में ध्वनिमत से पारित कर दिया गया है। इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामे के बीच ही धन्यवाद प्रस्ताव को वोटिंग के लिए लिया और ध्वनिमत से सदन ने इसे पारित कर दिया। लोकसभा की कार्यवाही पहले 12 फिर 2 बजे तक स्थगित इससे पहले लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई, लेकिन विपक्ष के जोरदार हंगामें को देखते हुए कार्यवही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इसके बाद 12 बजे सदन आहूत हुआ और हंगामें के बीच ही धन्यवाद प्रस्ताव ध्वनिमत से पास कर सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। हिदायत/ईएमएस 05फरवरी26