सना,(ईएमएस)। अमेरिका की ओर से ईरान पर हमला होने पर लाल सागर में नए सिरे से लड़ाई शुरू हो सकती है। ईरान पर किसी भी हमले के बाद यमन के हूती विद्रोही उसके समर्थन के लिए लाल सागर में इजरायल और अमेरिकी जहाजों पर हमले शुरू कर सकते है। हूती विद्रोही ऐसी स्थिति के लिए अपनी सैन्य तैयारी में जुटे हुए हैं। हूतियों ने अक्टूबर, 2023 में इजरायल के गाजा में हमले के बाद भी फिलिस्तीनियों के समर्थन में लाल सागर में इजरायल और अमेरिका जहाजों को निशाना बनाया था। ईरान और अमेरिका में तनाव के बीच फिर उनकी ओर से इसतरह से संकेत मिले हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया है कि हूती लाल सागर में जहाजों पर अटैक की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इजरायली सुरक्षा बल अनुमान के तहत काम कर रहे हैं कि अगर अमेरिका पहले ईरान पर हमला करता है, तब यमन से उन्हें चुनौती मिलेगी। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि हूतियों से लड़ने वाले यमन के गुट ने वॉशिंगटन को लाल और अरब सागर में अमेरिकी और इजरायली जहाजों पर फिर से हमले शुरू होने की संभावना के बारे में जानकारी दी है। ईरान पर हमले की स्थिति में अमेरिकी ठिकानों पर हमलों की तैयारी में हूतियों ने मिसाइलों और ड्रोन जैसे मिलिट्री संसाधनों को मूव किया है। यमन के हूती विद्रोहियों की रेड सी कॉरिडोर से गुजरने वाले जहाजों पर नए सिरे से हमले की धमकी अमेरिका-इजरायल की चिंता बढ़ा सकती है। हुतियों ने बीते दो साल में कई दफा लाल सागर में विरोधियों के लिए मुश्किल खड़ी की है। अमेरिका और इजरायल बीते साल हवाई हमलों के बावजूद हूतियों के हमले लाल सागर में नहीं रोक सके थे। ईरान और अमेरिका के बीते कुछ दिनों में चीजें सैन्य कार्रवाई से हटकर बातचीत की तरफ जा रही हैं। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघगची ने कहा है कि ईरान अमेरिका के साथ अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत शुरू करने के लिए तैयार है। दोनों देशों के बड़े अधिकारी तुर्की के इस्तांबुल में वार्ता के लिए मिल सकते हैं। आशीष/ईएमएस 06 फरवरी 2026