- पुलिस ने नाबालिग और मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार नई दिल्ली (ईएमएस)। साउथ-वेस्ट जिला पुलिस ने मोबाइल चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई सरोजिनी नगर पुलिस थाना की टीम ने की। 27 दिसंबर 2025 को सरोजिनी नगर मार्केट से मोबाइल चोरी की ई-एफआईआर दर्ज हुई थी। मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज से दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने गेट नंबर-2 के पास 15 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार उर्फ शुभम (27) को दिए जाते थे। इसके बाद एसएचओ अतुल त्यागी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गाजीपुर, पूर्वी दिल्ली के किराए के मकान पर छापेमारी में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी में 34 मोबाइल फोन और 23 मोबाइल कवर बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने आईएमईआई ट्रैकिंग और सीईआईआर पोर्टल की मदद से अलग-अलग स्थानों से 12 और चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए। कुल 46 मोबाइल फोन कानूनी औपचारिकताओं के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी सर्दियों में भीड़भाड़ वाले बाजारों को निशाना बनाते थे। चोरी के दौरान पॉलीथीन शीट का इस्तेमाल कर मोबाइल हाथ से चुराए जाते थे। चोरी के फोन मुख्य आरोपी को दिए जाते और उन्हें पहचान छिपाने के लिए नेपाल और बांग्लादेश भेजने की योजना बनाई जाती थी। इस कार्रवाई से सरोजिनी नगर, हौज खास, राजेंद्र नगर, कृष्णा नगर और अन्य क्षेत्रों में दर्ज कुल 10 ई-एफआईआर मामले सुलझाए गए। शेष 37 मोबाइल विभिन्न लॉस्ट रिपोर्ट्स से संबंधित पाए गए। पुलिस ने इसे तकनीकी दक्षता और नागरिक-केंद्रित कार्रवाई का उदाहरण बताया। सतीश मोरे/06फरवरी ---