क्षेत्रीय
08-Feb-2026
...


राजगढ़ (ईएमएस ) पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) खिलचीपुर डी.वी.एस. नागर के पर्यवेक्षण में माचलपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई है ।गत दिवस थाना माचलपुर में पदस्थ उप निरीक्षक गुड्डू कुशवाह को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आदमपुरा के जंगल क्षेत्र में खेत में बनी खंती में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध मादक पदार्थ (एमडी ड्रग्स) निर्माण में प्रयुक्त कैमिकल ड्रमों में छिपाकर फेंका गया है। सूचना की तस्दीक एवं त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर साक्षियों की उपस्थिति में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान खंती में 05 नीले रंग के ड्रम मिले, जिनमें प्लास्टिक की पन्नियों में भरा हुआ सफेद रंग का क्रिस्टल जैसा कैमिकल पाउडर पाया गया, जिससे तीव्र एवं कसैली गंध आ रही थी। प्रारंभिक परीक्षण एवं अनुभव के आधार पर उक्त पदार्थ एमडी ड्रग्स (मादक पदार्थ) निर्माण में प्रयुक्त कैमिकल होना पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से तौल करने पर ड्रमों सहित कुल वजन 266.9 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 05 करोड़ रुपये है। उक्त संपूर्ण मादक पदार्थ को विधिवत सीलबंद कर, साक्षियों की उपस्थिति में जप्त किया गया। कार्यवाही की वीडियोग्राफी कराई गई तथा जप्तशुदा माल को सुरक्षित रूप से मालखाने में जमा किया गया।मामले में थाना माचलपुर में अपराध क्रमांक 35/2026, धारा 30 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा अवैध मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के संबंध में गहन जांच जारी है। -निखिल कुमार (राजगढ़)8/2/2026