ट्रेंडिंग
08-Feb-2026
...


जयपुर(ईएमएस)। राजस्थान के शिक्षा नगरी कोटा के तलवंडी इलाके में शनिवार देर रात एक हृदय विदारक हादसा हुआ, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। यहाँ स्थित एक तीन मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई, जिसमें दबने से पश्चिम बंगाल के 20 वर्षीय कोचिंग छात्र आर्यन और एक अन्य व्यक्ति की दुखद मौत हो गई। हादसे के समय इमारत के भूतल पर संचालित एक रेस्टोरेंट में कई लोग भोजन कर रहे थे, जो मलबे के नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुँचकर रात भर सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर स्थिति अत्यंत भयावह थी; मलबे के बीच फंसे लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं और कुछ लोगों के हाथ-पैर बाहर दिखाई दे रहे थे। इस दुर्घटना में कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 5 अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। मृतकों में शामिल छात्र आर्यन कोटा में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था और रोज की तरह वहां खाना खाने गया था। इमारत गिरने के पीछे निर्माण कार्य और निरंतर हो रहे कंपन को बड़ी वजह माना जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से इमारत के पीछे ड्रिल और हैमर मशीनों से खुदाई का काम चल रहा था, जिससे पूरी बिल्डिंग में तेज वाइब्रेशन हो रहा था। शनिवार रात करीब 9 बजे अचानक पटाखे जैसी तेज आवाज सुनाई दी और पलक झपकते ही पूरी इमारत जमींदोज हो गई। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, घटना के वक्त रेस्टोरेंट में करीब 12 से 15 कर्मचारी और कुछ ग्राहक मौजूद थे। घायलों में रेस्टोरेंट मालिक और रेस्क्यू टीम का एक सदस्य भी शामिल है। जिला कलेक्टर ने स्थिति का जायजा लेते हुए घायलों को समुचित उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में बिना सुरक्षा मानकों के चल रहे निर्माण कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/08फरवरी2026