दरभंगा, (ईएमएस)। बिहार के दरभंगा शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित पटवा पोखर इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। खबर है कि 6 साल की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश है और लोग गुस्से में हैं। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची शनिवार शाम से ही अपने घर से लापता थी। परिजन उसे आसपास के इलाकों में लगातार खोज रहे थे, लेकिन देर रात तक बच्ची का कोई पता नहीं चल सका। इसी दौरान आवारा कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर परिजनों को शक हुआ। जब वे उस दिशा में पहुंचे तो तालाब के किनारे दीवार के पास बच्ची खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़ी मिली। बच्ची की हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा के एसएसपी जगरनाथ रेड्डी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ कई थानों की पुलिस टीम, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और साइबर सेल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लग गई। जांच के दौरान सामने आया कि घटना के समय तीन छोटी बच्चियां तालाब किनारे खेल रही थीं। तीनों की उम्र लगभग 6 से 7 वर्ष बताई जा रही है। इसी दौरान 22 वर्षीय पड़ोसी युवक विकास महतो वहां पहुंचा और बच्चियों को पकड़ने की कोशिश की। दो बच्चियां मौके से भागने में सफल रही, जबकि आरोपी एक बच्ची को जबरन उठाकर अंधेरे में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। - सड़क पर मचा महासंग्राम घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और परिजनों ने मुख्य मार्ग को सुंदरपुर बेला मंदिर के पास जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपित को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे थे। सैकड़ों लोग जब विश्वविद्यालय थाने का घेराव करने सड़कों पर भागने लगे तब कुछ दूरी पर पुलिस ने उन्हें पहले रोकने की कोशिश की लेकिन आक्रोशित लोग जब नहीं मानें तब तब पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ना शुरू किया जिसके बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। लोगों ने बीच रोड पर टायर जलाकर रोड ब्लॉक कर दिया। इसके साथ ही पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी भी की। मजबूरन पुलिस को पीछे हटना पड़ा। इस दौरान पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच जमकर कहासुनी भी हुई। इस पथराव में कई लोगों के घायल होने की खबर है। उधर सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय एवं आस-पास के थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी भी घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। फ़िलहाल तनाव स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। संतोष झा- ०८ फरवरी/२०२६/ईएमएस