नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम आधिकारिक तौर पर बदलकर श्री राम मंदिर मयूर विहार किया है। डीएमआरसी ने बताया कि दिल्ली सरकार की स्टेट नेम्स अथॉरिटी (एसएनए) की सिफारिश पर स्टेशन के नाम में बदलाव किया है। डीएमआरसी ने मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने की पुष्टि कर स्टेशन पर लगे साइनेज, इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड्स सहित अन्य सूचना माध्यमों पर नए नाम को लिख दिया है। डीएमआरसी ने बताया कि मयूर विहार पॉकेट वन और फेज-1 दो मेट्रो स्टेशन होता था। इसके चलते लोगों को भ्रम होता था। साथ ही बीजेपी के कई नेताओं ने डीएमआरसी से मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने की मांग की थी। डीएमआरसी ने बताया कि स्टेशन के नाम बदलने का फैसला स्टेट नेमिंग अथॉरिटी (एसएनए) की सिफारिश पर आधार पर हुआ है जो कि दिल्ली सरकार के अधीन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में काम करता है। बता दें कि दिल्ली में सड़कों, पार्कों और मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने का अधिकार स्टेट नेम्स अथॉरिटी (एसएनए) के पास होता है। ये दिल्ली सरकार के अधीन काम करने वाली संस्था है, जो मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में भौगोलिक स्थलों के नामकरण का निर्णय लेती है। प्राधिकरण की बैठक में मयूर विहार पॉकेट-1 के लिए इस नए नाम के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई। आशीष दुबे / 08 फरवरी 2026