विस्तृत जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय भेजा मामला नई दिल्ली (ईएमएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई को लेकर गंभीर आरोप लगाकर कहा है कि मामले को विस्तृत जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) को भेजा जाएगा। प्रेसवार्ता में सीएम सरमा ने कहा कि अगर किसी सांसद का पाकिस्तान से संबंध सामने आता है, तब यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इस मामले को सार्वजनिक रूप से उठाना जरूरी है। सीएम सरमा के मुताबिक उन्हें जानकारी दी गई कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई प्रतिनिधिमंडल के साथ पाकिस्तान हाई कमीशन के दफ्तर पहुंचे थे, जहां उनकी मुलाकात तब के पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित से हुई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें याद नहीं कि कोई अन्य नेता इस तरह प्रतिनिधिमंडल लेकर हाई कमीशन पहुंचा है। सीएम सरमा ने दावा किया कि कांग्रेस नेता गोगोई से हुई मुलाकात के कुछ दिन बाद बासित भी असम आए थे। इसके बाद उन्होंने मामले की जांच शुरू करा दी। सीएम सरमा ने कहा कि जांच के दौरान उन्हें बताया गया कि गोगोई की पत्नी ने मार्च 2011 से मार्च 2012 के बीच पाकिस्तान से जुड़े एक संस्थान के साथ काम किया था। इस दौरान उनकी नजदीकी अली तौकीर शेख नाम के व्यक्ति से होने की जानकारी भी दी गई। सीएम सरमा ने कहा कि असम एसआईटी ने अब मामले में विस्तृत जांच की है और कथित संबंधों के पहलुओं का अध्ययन किया है। इसके आधार पर राज्य सरकार ने फैसला किया है कि पूरे मामले को आगे की जांच के लिए गृह मंत्रालय को भेजा जाए। हालांकि इन आरोपों को लेकर गोगोई या कांग्रेस की ओर से अभी विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आशीष दुबे / 08 फरवरी 2026