फिरोजाबाद(ईएमएस) थाना अरांव पुलिस ने बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मारुति स्विफ्ट कार, 12,830 रुपये नकद तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आलोक कुमार पुत्र श्यामपाल निवासी सूरतपुर थाना अमापुर जिला कासगंज और जितेन्द्र पुत्र त्रिमल सिंह निवासी अलीपुर थाना अमापुर जिला कासगंज को रविवार सुबह करीब 4:25 बजे अरांव बाईपास सिरसागंज रोड से गिरफ्तार किया। बताया गया कि 5 फरवरी 2026 को हरेन्द्र कुमार निवासी मेरठ अपने दो साथियों संजीत और गौतम सिंह के साथ निन्हूराम कोल्ड स्टोर, शिकोहाबाद रोड पर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां आलोक, जितेन्द्र और उनके साथी उमेश ने तीनों को बंधक बनाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने 35,600 रुपये नकद, कैसियो घड़ी, चेकबुक, आधार, पैन, वोटर आईडी समेत अन्य दस्तावेज और स्विफ्ट कार लूट ली। पीड़ित की तहरीर पर थाना अरांव में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई हैं। पुलिस के अनुसार, मामले का एक अन्य आरोपी उमेश पुत्र छोटेलाल निवासी सफीपुर थाना एका जिला फिरोजाबाद अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। ईएमएस