क्षेत्रीय
08-Feb-2026
...


-12 लाख से अधिक कीमत के गुम हुए 69 मोबाइल को ढूंढ निकाला फिरोजाबाद(ईएमएस)जनपद पुलिस की सर्विलांस और एसओजी टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 69 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध के नेतृत्व में की गई। सर्विलांस और एसओजी टीम ने जनपद के सभी थानों के साथ समन्वय स्थापित कर सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का संज्ञान लिया और विभिन्न कंपनियों के 69 मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीईआईआर पोर्टल शुरू होने के बाद से अब तक फिरोजाबाद पुलिस ने अन्य जनपदों और राज्यों की पुलिस टीमों के सहयोग से कुल 988 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सुपुर्द किए हैं। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए फिरोजाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे उन्हें जल्द बरामद किया जा सके। ईएमएस