जबलपुर (ईएमएस)। विगत दो माह से प्रत्येक रविवार को जिला प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा कृषि उपज मंडी जबलपुर में जैविक हॉट में खरीददारों की संख्या में सप्ताह दर सप्ताह बढ़ती जा रही है। आज रविवार को लगाये गये जैविक हाट में भी बड़ी संख्या में खरीदार पहुँचे और अपनी पसंद के जैविक उत्पादों की खरीदारी की। जिले के विभिन्न विकासखंडों से लगभग 35 जैविक किसानों ने जैविक हाट में सहभागिता की। जैविक हाट में किसानों द्वारा जैविक अनाज, दलहन, खपली गेहूं का आटा, गिर गाय का दूध, बिलौना घी, फ्लेवर्ड गुड़, चुकंदर, ब्रोकली, लेट्यूस, पिंक मूली, गोभी, मटर, लौकी, भटा, मैथी, पालक, सरसों और चने की भाजी, अदरक, आमा हल्दी, मसाले, फल, कोल्ड प्रेस्ड तेल सहित कई प्रकार के जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का विक्रय किया गया। गिर गाय का दूध, गिर गाय के दूध से बनी चाय, मसालेदार मही भी जैविक हाट का आकर्षण रहे। इस बार जैविक हाट में जैविक कीटनाशक एवं जैविक खाद भी विक्रय के लिये उपलब्ध रहे। जैविक हाट को उपभोक्ताओं से अत्यंत उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई और उन्होंने जैविक उत्पादों को खरीदने में खासी रुचि दिखाई। इस रविवार को लगाये गये जैविक हाट के संचालन की जिम्मेदारी अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ इंदिरा त्रिपाठी के नेतृत्व में पाटन विकासखण्ड के कृषि अधिकारियों ने संभाली। संयुक्त संचालक कृषि के एस नेताम एवं उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम भी जैविक हाट पर निगरानी के लिये मौजूद थे। संयुक्त संचालक कृषि के एस नेताम ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक उत्पाद की सही तरीके से पैकिंग एवं ब्रांडिंग कर मार्केटिंग करने की सलाह दी ताकि उन्हें अधिक लाभ मिल सके। उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम ने भी जैविक हाट में उत्पादों की विक्री करने आये किसानों का उत्साहवर्धन किया। इन अधिकारियों ने जैविक हाट में आये उपभोक्ताओं से चर्चा भी की। चर्चा के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि वे प्रत्येक रविवार को जैविक हॉट में आकर पूरे सप्ताह के लिए सब्जियां और जैविक उत्पाद खरीदकर ले जाते हैं। खरीदारों ने बताया कि आमधारणा के विपरीत इनकी कीमत भी ज्यादा नहीं होती। रसायन मुक्त होने के कारण जैविक हाट की सब्जियों का स्वाद भी अलग होता है और दो-तीन दिन फ्रिज में नहीं रखने पर भी ये खराब नहीं होती। जैविक हाट में अपने उत्पादों का विक्रय करने आये किसानों ने भी बताया कि इस आयोजन से उन्हें अपने उत्पादों के लिए अच्छा मंच एवं उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है तथा उनके उत्पाद की बिक्री भी कम समय में हो जाती है। सुनील साहू / शहबाज / 08 फरवरी 2026/ 06.30