इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के बाद अब नशा-मुक्ति के क्षेत्र में भी इंदौर ने वैश्विक कीर्तिमान स्थापित किया है। रविवार को नेहरू स्टेडियम से आयोजित ‘यूथ वॉक-2026’ ने वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (लंदन) में अपना नाम दर्ज कराया है। नशा-उन्मूलन के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से निकाली गई इस 3 किलोमीटर लंबी वॉक में करीब 10 हजार युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विहिप के प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की युवा शक्ति को कमजोर करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशे की साजिश रची जा रही है, जिसे विफल करना हर युवा का कर्तव्य है। विधायक गोलू शुक्ला एवं टीम रुद्राक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस वॉक में स्कूल, कॉलेज और स्पोर्ट्स एकेडमी के हजारों छात्र नशा छोड़ो-भविष्य जोड़ो के नारों के साथ शामिल हुए। आयोजन को लेकर यातायात पुलिस ने सुबह 5 बजे से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया था। नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर यह वॉक जीपीओ, छावनी और मधुमिलन होते हुए पुनः स्टेडियम पर संपन्न हुई। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने मौके पर उपस्थिति और प्रबंधन का सत्यापन कर आयोजकों को विश्व रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र सौंपा। प्रकाश/08 फरवरी 2026