09-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम खान ने 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘दुश्मन देवता’ के लोकप्रिय गीत ‘उरी उरी बाबा’ से जुड़ा एक थोड़ा दर्द भरा अनुभव साझा किया है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर इस गाने का वीडियो पोस्ट करते हुए बताया कि शूटिंग के दौरान गर्म मौसम और कठिन परिस्थितियों ने उन्हें कैसी परेशानी दी थी। सोनम ने बताया कि गाने की शूटिंग बेहद गर्मी के बीच हुई थी और उन्हें पूरे सीक्वेंस में नंगे पैर डांस करना पड़ा। लगातार गर्म सतह पर डांस करने की वजह से उनके पैरों में दर्दनाक छाले पड़ गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने शूटिंग पूरी की। उन्होंने पोस्ट में मजाकिया अंदाज में लिखा, “हां, ये मैं ही हूं… उरी उरी बाबा। इस गाने की शूटिंग के दौरान बहुत गर्मी थी। मुझे नंगे पैर डांस करना पड़ा और पैरों में छाले पड़ गए थे।” उनके इस खुलासे को देखकर फैंस ने कमेंट सेक्शन में प्यार और प्रशंसा की बरसात कर दी। ‘दुश्मन देवता’ के इस गाने को ऊषा उथुप ने अपनी दमदार आवाज दी थी, जबकि इसके बोल अंजान ने लिखे थे और संगीत बप्पी लहरी ने तैयार किया था। फिल्म का निर्देशन अनिल गांगुली ने किया था जिसमें धर्मेंद्र, डिंपल कपाड़िया, आदित्य पंचोली और सोनम प्रमुख भूमिकाओं में थे। कहानी एक ऐसे गांव के इर्द-गिर्द घूमती है जो डाकुओं और जंगली जानवरों के आतंक से परेशान है। इसी गांव में धर्मेंद्र द्वारा निभाया गया किरदार एक रहस्यमयी उद्देश्य के साथ पहुंचता है और गांव वाले उसे देवता समान मानने लगते हैं। हालांकि कहानी और कलाकारों के बावजूद ‘दुश्मन देवता’ बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई और फिल्म के निर्माता को भारी नुकसान झेलना पड़ा। सोनम खान के करियर की बात करें तो उन्होंने तेलुगु फिल्म से 1987 में शुरुआत की थी, लेकिन हिंदी सिनेमा में उन्हें असली पहचान फिल्म ‘त्रिदेव’ के लोकप्रिय गीत ‘तिरछी टोपी वाले’ से मिली। अपनी लोकप्रियता के बावजूद उन्होंने फिल्मों से जल्द दूरी बना ली, लेकिन आज भी उनके काम और किस्से दर्शकों को आकर्षित करते रहते हैं। मालूम हो कि सोनम खान अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी फिल्मों और पुराने अनुभवों से जुड़े दिलचस्प किस्से साझा करती रहती हैं। सुदामा/ईएमएस 09 फरवरी 2026