इन्दौर (ईएमएस) चार साइबर ठगोरो को स्टेट साइबर पुलिस ने जबलपुर की एक महिला से 14.16 लाख की ठगी के आरोप में इंदौर से गिरफ्तार किया है। इन ठगोरो ने जबलपुर की पीड़िता महिला से सोशल साइट्स पर दोस्ती करने के बाद उसको शेयर ट्रेडिंग के नाम पर निवेश का लालच दिया और लाखों रुपए की ऑनलाइन ठगी की। ठगोरों से ठगी की राशि भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार ठगोरो के नाम अनिकेत मात्रे, दयानंद मांझी, अक्षय मंडलिक और मिथुन जाटव है। सभी आरोपी इंदौर के निवासी हैं। साइबर पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है कि ये आरोपी समूह बनाकर विशेष रूप से महिलाओं को ठगी का शिकार बनाते थे इनसे गहन पूछताछ में और भी मामलों के खुलासा होने की उम्मीद है। स्टेट साइबर पुलिस को प्राप्त शिकायत के अनुसार जबलपुर निवासी महिला की सोशल साइट्स के जरिए सबसे पहले इंदौर के अनिकेत मात्रे से पहचान हुई थी। महिला व्यवसाय शुरू करना चाहती थी जिस पर अनिकेत ने उसे शेयर ट्रेडिंग में पैसा लगाकर राशि दोगुनी करने का दावा करते झांसे में लिया। महिला ने उसकी बातों में आ उस पर भरोसा कर करीब 14 लाख 16 हजार रुपए निवेश कर दिए। परन्तु जब कई महीने बीतने के बाद न तो लाभ मिला और न ही अनिकेत से उसका संपर्क हुआ तो उसने लिखित शिकायत दर्ज कराई। स्टेट साइबर सेल निरीक्षक नीलेश अहिरवार ने मामले में जांच कार्रवाई शुरू की तो अनिकेत मात्रे द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी का यह पूरा मामला सामने आया जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई करते उन्हें गिरफ्तार कर जबलपुर ले जाया गया। जहां उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। आनंद पुरोहित/ 09 फरवरी 2026.