09-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिला अस्पताल के नए भवन निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का बजट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसी बीच अस्पताल को पिछले सप्ताह चार बॉन्ड एमबीबीएस विशेषज्ञ डॉक्टर मिले हैं, जो अगले दो वर्षों तक अपनी सेवाएं देंगे। इससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की संभावना बढ़ गई है। इन डॉक्टरों में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक शर्मा, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. हेमंत वर्मा, पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनदीपजीत सिंह कौर और आई स्पेशलिस्ट डॉ. सलोनी अग्रवाल शामिल हैं। जिला अस्पताल में लंबे समय से विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनी हुई थी और आईपीडी में केवल दो-तीन विभाग ही संचालित हो रहे थे। नए डॉक्टरों की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद है। इसके अलावा हाल ही में जिला अस्पताल में न्यूरोलॉजिस्ट, लीवर-किडनी विशेषज्ञ और मनोचिकित्सक सहित गंभीर बीमारियों के लिए विशेष ओपीडी सेवाएं शुरू की गई हैं। पिछले महीने शुरू हुई इन सेवाओं से मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखी गई है। गायनिक वार्ड के एमसीएच में शिफ्ट होने के बाद गर्भवती महिलाओं को जांच और परामर्श में परेशानी हो रही थी। पहले जिला अस्पताल में ही सोनोग्राफी होती थी, लेकिन वार्ड शिफ्ट होने के बाद यह सुविधा बंद हो गई थी। अब नए रेडियोलॉजिस्ट मिलने के बाद जिला अस्पताल की नई ओपीडी में सोनोग्राफी की व्यवस्था की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार डॉक्टरों की ज्वाइनिंग प्रक्रिया जारी है और अगले सप्ताह तक वे सेवाएं देना शुरू कर देंगे। सोनोग्राफी के लिए जरूरी सेटअप तैयार किया जा रहा है, जिससे अगले 15 दिनों में जिला अस्पताल में यह सुविधा फिर से शुरू हो जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 फरवरी 2026