राष्ट्रीय
09-Feb-2026
...


अध्यक्ष महाना ने कहा- सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाएगा लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी विधानसभा सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। विधान मंडल का बजट सत्र राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अभिभाषण के शुरू हुआ। वहीं, सपा ने विरोध प्रदर्शन किया। सपा विधायकों ने विधानसभा के मुख्य द्वार के बाहर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने धरना प्रदर्शन किया। विधायक हाथों में तख्तियां लेकर विधानसभा पहुंचे और जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 11 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। 13 फरवरी तक सदन की कार्यवाही नियमित तौर पर चलेगी। शनिवार व रविवार को सदन की बैठक स्थगित रहेगी। वहीं सोमवार 16 फरवरी से सदन की कार्यवाही फिर शुरू होगी। सदन की कार्यवाही 20 फरवरी तक प्रस्तावित है। विधानसभा अध्य़क्ष सतीश महाना ने सभी सदस्यों से कार्यवाही के सुचारू रुप से चलने अनुरोध किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी सदस्यों से जनता के मुद्दों को सदन में रखने और सार्थक चर्चा करके प्रदेश के विकास को गति देने के लिए सरकार का सहयोग करने का आग्रह किया है। विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दलीय नेताओं की बैठक में कहा है कि सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाएगा। जरुरत पड़ने पर देर शाम तक सदन की कार्यवाही चलाई जाएगी, ताकि प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने का अवसर मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पूर्व के इतिहास पर दृष्टि डालें तो विगत चार सालों में इस विधानसभा में सर्वाधिक चर्चा हुई है। अध्यक्ष ने सभी दलों के नेताओं से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने पक्ष को सदन में शालीनता एवं संसदीय मर्यादा के अंतर्गत रखें और प्रेमपूर्ण वातावरण में बहस करें। विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के भाषण के साथ शुरू हुआ, विपक्षी विधायकों की नारेबाजी के बीच। राज्यपाल ने कहा कि राज्य में छह करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति मिली है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है और सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि यूपी एक रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बन चुका है, जो प्रदेश की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाता है। यूपी में तेजी से विकास हो रहा है और सरकार का फोकस समग्र विकास, बेहतर कानून व्यवस्था और जनकल्याण पर है। उन्होंने विपक्ष से भी सदन में सार्थक चर्चा करने और प्रदेश के विकास में सहयोग करने की अपील की है। सिराज/ईएमएस 09फरवरी26