गुना (ईएमएस) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं उपायुक्त संभाग ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देशन में जिला आबकारी विभाग ने नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला आबकारी अधिकारी गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने शहर के आधा दर्जन से ज्यादा सार्वजनिक स्थानों, होटलों और ढाबों पर अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई से हडक़ंप मच गया और कई स्थानों पर लोग शराब का सेवन करते पाए गए। वृत्त एवं नियंत्रण कक्ष प्रभारी राधाकिशन अटारिया के नेतृत्व में टीम ने हाईवे स्थित होटल राजपुताना, इंडस्ट्रियल एरिया के होटल शूटर और सरदारजी होटल सहित बस स्टैंड के पास स्थित होटल अमन पर छापेमारी की। इसके अलावा जज्जी बस स्टैंड, पुरानी सायकल फैक्ट्री और अंडर ब्रिज के पास जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी सघन चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान कई नवयुवक और अन्य लोग मदिरापान करते मिले, जिन्हें भविष्य में होने वाली कानूनी कार्रवाई और स्वास्थ्य के नुकसान के प्रति समझाइश दी गई। आबकारी विभाग ने शराब पिलाने और पीने वाले संचालकों व व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(अ) और 36(ब) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि होटलों और ढाबों पर युवा वर्ग नशे की आदत का शिकार हो रहा है, जिसे देखते हुए यह त्वरित कार्रवाई की गई। कलेक्टर के आदेशानुसार यह अभियान लगातार जारी रहेगा, विशेषकर शादी समारोह वाले होटलों पर विभाग की पैनी नजर रहेगी ताकि अवैध मदिरा सेवन पर अंकुश लगाया जा सके। सीताराम नाटानी