दिल्ली में स्कूलों को उड़ाने की मिली धमकी, 13 को संसद उड़ाने का आया ईमेल नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली में फिर स्कूलों में बम धमाके की धमकियों से हड़कंप मचा गया। पहले की तरह जांच में कुछ संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि इस बार स्कूलों के साथ संसद में भी धमाके की धमकी दी गई है। धमकी भेजने वाले ने स्कूलों और संसद में धमाके के लिए 9 और 13 तारीख का जिक्र किया है। 2001 में संसद पर हमले की वजह से फांसी पर चढ़ाए गए आतंकवादी अफजल गुरु की याद में ही धमाकों की धमकी दी है। पुलिस जांच में जुटी है कि ईमेल को किसने और किस मकसद से भेजा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक धमकी भेजने वाले ने ईमेल में कहा था कि स्कूलों में सोमवार को 1:11 बजे धमाका होगा। उसने लिखा है, दिल्ली बनेगा खालिस्तान। आज शहीद अफजल गुरु याद विच, बम ब्लास्ट होवेगा, स्कूलां विच आज धमाका। सुबह करीब साढ़े 8 बजे भेजे गए इन ईमेल्स में 9 फरवरी का जिक्र होना इसलिए अहम है क्योंकि इसी दिन 2013 में अफजल गुरु को फांसी दी गई थी। ईमेल भेजने वाले ने संसद में 13 फरवरी को धमाके की बात कही है। ईमले में कहा गया है, हिंदूस्तानी पार्लियामेंट विच बम चलेगा। 13 फरवरी 1:11 पीएम होवेगा। दरअसल 13 तारीख का भी अफजल गुरु से गहरा संबंध है। 13 तारीख को ही संसद पर हमला किया गया था, बस महीना वह दिसंबर का था और अब 13 फरवरी को धमाके की धमकी दी गई है। खालिस्तानी मंसूबा जाहिर करते हुए ईमेल भेजने वाले ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र किया है। उसने लिखा है, मोदी-शाह-जयशंकर, खालिस्तान वालेयां दे दुश्मन। पंजाब हुण खालिस्तान। खालिस्तान नेशनल आर्मी। सिराज/ईएमएस 09फरवरी26 ----------------------------------