नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को परीक्षा पे चर्चा के 9वें संस्करण के दूसरे एपिसोड में देशभर से आए छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी कोयंबटूर से छत्तीसगढ़ पहुंचे और बच्चों से बात की। इसके बाद पीएम मोदी गुवाहाटी के अष्टलक्ष्मी पहुंचे। पीएम मोदी ने बच्चों से कहा कि कभी भी तकनीक का गुलाम नहीं बनना चाहिए। बल्कि तकनीक का इस्तेमाल केवल और केवल अपनी क्षमता बढ़ने के लिए करना चाहिए। परीक्षा पे चर्चा के दूसरे एपिसोड में पीएम मोदी ने बच्चों को पढ़ने के साथ, लिखकर प्रैक्टिस करने की सलाह दी। साथ ही बच्चों से कहा कि पहले निडर बनो फिर लीडर बन जाओगे। पीएम मोदी ने छात्रों को पढ़ाई में कमजोर अपने क्लासमेट्स की मदद करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि तेज छात्रों को उन कमजोर छात्रों से दोस्ती करनी चाहिए और उन्हें टॉपिक समझाने चाहिए। दूसरों को पढ़ाने से खुद भी बेहतर सीखने में मदद मिलती है। परीक्षा के समय तनाव कैसे कम करें परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी से छात्रों ने पूछा कि तनाव कैसे कम करे, इस पर पीएम मोदी ने कहा कि आप पुरानी परीक्षा के दिनों को याद कीजिए। जब आप पुरानी परीक्षाओं को याद करते हैं, तब आपको लगेगा उस समय भी तनाव था, लेकिन जब वह परीक्षा देकर आ गया, तब कुछ नहीं था। ऐसा होता है ना। परीक्षा के लिए सबसे अच्छी चीज होती है कि आप पेपर सॉल्व करने की आदत डालें। लिखने की आदत डालें। अगर खुद आप इस तरह से प्रैक्टिस करते रहने वाले हैं, तब आपको कभी तनाव नहीं होगा। आप घूमने जा रहे हैं, तब पहले अपनी तहसील में ये देखने की कोशिश करें कि आप कहां जा सकते हैं, फिर जिला, फिर राज्य। कहने का मतलब ये है कि आप जहां भी घूमें एक छात्र की नजर से घूमें ताकि आप लगातार कुछ सीख सकें। पीएम मोदी ने बच्चों से कहा कि पहले निडर बनो, जो काम है, मन में तय करो कि कोई ओर करे या ना करे मैं करुंगा। जब आप ऐसा सोचना शुरू कर देते हैं तब आप देखना कि अपने आप लीडरशिप क्वालिटी तैयार हो जाएगी। मान लीजिए कहीं कचरा है और उस कचरे को आपने उठा लिया, तब आपकों देख रहे 4 लोग भी ऐसा ही करने वाले है। इसके पहले 6 फरवरी को पहले एपिसोड में पीएम मोदी ने दिल्ली स्थित पीएम आवास पर बच्चों से चर्चा की थी। असम के गमछे पहने थे और उनके सवालों के जवाब भी दिए थे। पीएम मोदी ने स्टूडेंट्स को विदेशी चीजें छोड़कर स्वदेशी चीजें अपनाने की सलाह दी थी। आशीष दुबे / 09 फरवरी 2026