09-Feb-2026
...


- गोहलपुर पुलिया बन रही हादसों का सबब जबलपुर (ईएमएस)। गोहलपुर थाने का पुल पहले ही जानलेवा था. लेकिन जब से दमोहनाका फ्लाईओवर शुरु हुआ उसके बाद से यह पुल और भी अधिक खतरनाक हो गया है. पूरा शहर परेशान है, लेकिन इस सबसे अधिक पुल को बनाने की रफ्तार चौकाने वाली है. यहां हादसों के बढ़ते क्रम में गत देर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। थाने के समीप स्थित पुल के नीचे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते चालक व उसका साथी सुरक्षित बाहर निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना अचानक हुई। बताया जा रहा है कि कार तेज गति से पुल के पास से गुजर रही थी, तभी चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार रेलिंग के समीप से फिसलते हुए सीधे नाले में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे के तुरंत बाद कार में सवार चालक और उसका साथी बाहर निकल आए, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से वाहन को नाले से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। कार के नंबर के आधार पर वाहन मालिक और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक स्तर पर यह जांच की जा रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार या लापरवाही के कारण हुई अथवा इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी जिम्मेदार रही। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुनील साहू / शहबाज / 09 फरवरी 2026