राष्ट्रीय
09-Feb-2026


जम्मू कश्मीर से शिफ्ट कैदी ने नुकीली चीज से मारा; अयोध्या को दहलाने की साजिश रची थी फरीदाबाद(ईएमएस)। हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नीमका जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या कर दी गई है। हत्या का आरोप जेल में ही बंद अरुण चौधरी नाम के कैदी पर लगा है, जिसको कुछ ही समय पहले जम्मू-कश्मीर से नीमका जेल शिफ्ट किया गया था। अब्दुल पर किसी नुकीली चीज से वार किया गया। सूचना मिलते ही जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने अब्दुल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया है। जेल सूत्रों के मुताबिक यह हत्या देर रात की गई, जिसकी जानकारी सुबह मिली। 20 साल के आंतकी अब्दुल रहमान को 2 मार्च 2025 को दो हैंड ग्रेनेड के साथ पाली गांव के पास पकड़ा गया था। उसने अयोध्या को दहलाने की साजिश रची थी। जांच में पता चला था कि अब्दुल रहमान अलकायदा इन इंडियन सब-कांटिनेंट के कुख्यात आतंकी अबू सूफियान के संपर्क में था। संदिग्ध आतंकी की पृष्ठभूमि और गिरफ्तारी संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान का संबंध राम मंदिर को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश से था। उसे 2 मार्च 2025 को गुजरात एटीएस और हरियाणा एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई में पाली इलाके से गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद से ही वह फरीदाबाद की नीमका जेल में बंद था। उसकी हत्या ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है, लेकिन जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह भी जांचा जा रहा है कि क्या इस हत्या का संबंध अब्दुल रहमान के आतंकी गतिविधियों से था या यह किसी आपसी रंजिश का परिणाम है।अब्दुल रहमान अयोध्या के मजनाई का रहने वाला है। वह ई-रिक्शा चलाता था और पिता की चिकन की दुकान को संभालता था। अब्दुल रहमान शुरू में अपनी अम्मी के मोबाइल पर यू-ट्यूब व फेसबुक चलाता था। इसी दौरान वह तालीबान, इस्लामिक स्टेट के वीडियो व दुनिया में मुसलमानों पर हो रहे अत्याचार के वीडियो देखने लगा। विनोद उपाध्याय / 09 फरवरी, 2026