राष्ट्रीय
09-Feb-2026


हैदराबाद(ईएमएस)। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ हैदराबाद पुलिस में एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत असम भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के संदर्भ में की गई है, जिसे अब डिलीट कर दिया गया है। ओवैसी का आरोप है कि इस वीडियो में मुख्यमंत्री को मुसलमानों को शूट करते हुए दिखाया गया था, जिसे उन्होंने हिंसक और भडक़ाऊ बताया है। ओवैसी ने हैदराबाद पुलिस कमिश्नर से इस मामले में सीएम सरमा के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने की मांग की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए ओवैसी ने कहा कि दुर्भाग्य से नरसंहार वाले नफरती भाषण अब एक सामान्य बात बन गए हैं। असदुद्दीन ओवैसी के मुताबिक, जिस वीडियो को लेकर विवाद शुरू हुआ है, उसे असम भाजपा के आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किया गया था। हालांकि, विवाद बढऩे और तीखी प्रतिक्रियाओं के बाद इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया है। ओवैसी का दावा है कि वीडियो में दिखाई गई सामग्री न केवल हिंसक थी, बल्कि मुस्लिम समुदाय को निशाना बना रही थी। विनोद उपाध्याय / 09 फरवरी, 2026