10-Feb-2026
...


बाराबंकी (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राम मंदिर और बाबरी ढांचे को लेकर तीखा और स्पष्ट दो टूक बयान दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जिस स्थान पर राम मंदिर का निर्माण हुआ है, वहां अब किसी अन्य ढांचे की कल्पना भी व्यर्थ है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि “कयामत के दिन तक भी बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज होने की संभावना है। सीएम योगी ने राम मंदिर निर्माण को जनता से किए गए वादे की पूर्ति बताया। उन्होंने कहा, “हमने कहा था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे और आज मंदिर वहीं बन चुका है।” उन्होंने इस करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और सनातन संस्कृति का प्रतीक बताया। सीएम योगी ने कहा कि भगवान राम सभी के हैं और राम मंदिर भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। अपने भाषण में उन्होंने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो बाबरी ढांचे के पुनर्निर्माण की बात करते हैं। योगी ने कहा कि इसतरह के लोग केवल स्वार्थ और अवसरवाद की राजनीति करते हैं। उनके अनुसार कुछ लोग संकट के समय ही राम को याद करते हैं और बाकी समय उन्हें भूल जाते हैं, इसलिए भगवान राम भी उन्हें भूल चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त चेतावनी देकर कहा कि “कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे।” उन्होंने कहा कि कानून तोड़कर जन्नत जाने का सपना देखने वालों का सपना कभी पूरा नहीं होगा। सरकार कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी और उन्हें ऐसा सबक सिखाया जाएगा जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। योगी ने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र कर कहा कि उस समय प्रदेश दंगे, कर्फ्यू और असुरक्षा से जूझ रहा था। बेटियां, व्यापारी, किसान और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करते थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और प्रदेश में सुरक्षा का माहौल स्थापित हुआ है। मुख्यमंत्री ने जनता से सतर्क रहने और देश, संस्कृति व सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।