10-Feb-2026
...


एक महिला की मौत, सात घायल ग्वालियर(ईएमएस)। ग्वालियर के डबरा में मंगलवार को नवग्रह पीठ की कलश यात्रा के दौरान मची भगदड़ ने एक महिला की जान ले ली। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को डबरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है और एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, अस्पताल में महिला के मृत घोषित होने के बाद आक्रोशित परिजन अस्पताल से शव लेकर कलश यात्रा स्थल के बीच लेकर पहुंच गए और प्रशासन को भगदड़ का जिम्मेदार ठहराया है। मृतक महिला की पहचान रति साहू के रूप में हुई है, जो हनुमान कॉलोनी की रहने वाली थी। गंभीर रूप से घायल महिला का नाम विमला है। जानकारी के अनुसार, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा नवग्रह मंदिर में मंगलवार को प्राण प्रतिष्ठा करा रहे थे, जिसका कार्यक्रम 20 फरवरी तक चलना है। इस भगदड़ पर प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है। बता दें कि कलश यात्रा के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। यात्रा के दौरान ही हादसा हो गया, लेकिन भगदड़ की वजह क्या थी, इसका पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस भी पहुंच गईं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कलश यात्रा का कार्यक्रम 20 फरवरी तक चलने के कारण इस भगदड़ ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। श्रद्धालु और परिजन अब व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। साथ ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।