- प्रदेश में सर्वाधिक साढ़े तीन हजार से ज्यादा हेल्थ प्रोफेशनल्स आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जुड़े - सीएमएचओ भोपाल भोपाल(ईएमएस)।आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत भोपाल डिजिटल हेल्थ का आदर्श मॉडल बनकर उभर रहा है। भोपाल को पहला और पूरी तरह डिजिटल स्वास्थ्य जिला बनाए जाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे है। इससे मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मिल सकेंगी। भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह द्वारा भी समय समय पर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की समीक्षा की जा रही है, विगत दिनों सभी शासकीय अस्पतालों को अपनी हेल्थ फैसिलिटी को रजिस्टर्ड करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में सर्वाधिक 3525 चिकित्सक और हेल्थ प्रोफेशनल्स भोपाल में पंजीकृत आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्रेशन में भोपाल में सबसे अधिक 3525 चिकित्सक और स्वास्थ्य पेशेवर पंजीकृत एवं सत्यापित किए गए हैं। इसी तरह 1087 स्वास्थ्य संस्थाओं की एचएफआर आईडी बनाई जा चुकी है। जिले में 17 लाख से अधिक आभा आईडी बनाई जा चुकी है, जबकि 53 लाख से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड आभा आई डी से लिंक किए जा चुके हैं। टेलीपरामर्श, ई फार्मेसी, मेडिकल क्लेम जैसी कई सुविधाएं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) की शुरुआत 27 सितंबर 2021 को देशभर में की गई थी। इसका उद्देश्य देश में डिजिटल स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से मेडिकल रिकॉर्ड का सुरक्षित रूप से स्टोर और एक्सेस करने की सुविधा मिल रही है। स्वास्थ्य संस्थाओं और सेवा प्रदाताओं के बारे में सटीक जानकारी, टेलीपरामर्श और ई फार्मेसी के माध्यम से दूरस्थ स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचाने का विकल्प देना, स्वास्थ्य सेवा प्रदानकर्ता के पास रोगी के चिकित्सकीय इतिहास की जानकारी, मरीज के देखभाल के निरंतरता को बेहतर बनाना, मेडिकल क्लेम और चिकित्सा की प्रतिपूर्ति को बेहतर करना, डेटा विश्लेषण के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को उन्नत करने में सहायता करना जैसे लाभ आभा आई डी के माध्यम से मिल सकेंगे। आभा आई डी बताएगी बीमारी का इतिहास आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) डिजिटल हेल्थ आईडी के माध्यम से मरीज को पूर्व में दिए गए उपचार की सभी जानकारियां मिलती हैं।अस्पताल अथवा चिकित्सक को इस आईडी के माध्यम मरीज़ की पूर्व से चल रही बीमारियों, दिए गए उपचार, जांचों की जानकारी मिल जाती है। डिजिटल संधारित होगी उपचार की जानकारी आभा आईडी 14 अंकों का यूनिक नंबर है जिसके माध्यम से मरीज अपनी पैथोलॉजी रिपोर्ट, प्रिस्क्रिप्शन और उपचार डिजिटल रूप से प्राप्त कर कर सकते हैं। एक प्रकार से यह आईडी मरीज का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड है। जिससे बेहतर उपचार की सेवाएं मरीज को प्राप्त हो सकेंगी। आभा आईडी सभी शासकीय चिकित्सालय में निशुल्क बनाई जा रही है। इसके लिए हितग्राही का आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक होता है । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि भोपाल को “डिजिटल हेल्थ पायनियर डिस्ट्रिक्ट” के रूप में विकसित किया जा रहा है। सार्वजनिक और निजी स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटली जोड़कर सेवाओं को और तेज व प्रभावी बनाया जा रहा है। जल्द ही स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं को “ए बी डी एम चैंपियंस” के रूप में तैयार किया जाएगा। हरि प्रसाद पाल / 10 फरवरी, 2026