इन्दौर (ईएमएस) दुकान पर खड़े एक युवक से जबरन अडीबाजी करते बदमाश ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल युवक के पिता की शिकायत पर बदमाश के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार बालू उमाले उम्र पचास साल निवासी जय भवानी नगर ने अपनी दर्ज शिकायत में पुलिस को बताया कि कल जब बेटा क्रिश कालोनी में स्थित दुकान पर खड़ा था, तभी वहां गौरव आया और उसकी जेब में हाथ डालने लगा। जेब में हाथ डालने से मना किया तो उसने अपने साथी देवांशु के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान गौरव के दो अन्य दोस्त प्रियांशु और नमन भी आ गए और वे भी उसे पीटने लगे। इस दौरान गौरव ने चाकू से क्रिश पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। उन्होंने जाते-जाते धमकाया कि आगे से इधर दिखाई दिया तो तुझे जान से खत्म कर देंगे। पुलिस ने फिलहाल मामले में जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 10 फरवरी 2026