कोलंबो (ईएमएस)। श्रीलंका के रहस्यमयी स्पिनर वानिंदु हसरंगा हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गये हैं। हसरंगा जैसे बेहतरीन गेंदबाज का इस प्रकार टूर्नामेंट से बाहर होना सह-मेजबान श्रीलंका के लिए करारा झटका है। हसरंगा को कोलंबो में रविवार को आयरलैंड के खिलाफ हुए मैच के दौरान चोट लगी थी और एमआरआई स्कैन जांच के बाद ये पाया गया कि वह अब आगे नहीं खेल पायेंगे क्येांकि उनकी चोट गंभीर है। इंग्लैंड के एक विशेषज्ञ ने रिपोर्ट देखने के बाद उन्हें टी20 विश्व कप से बाहर होने की सलाह दी। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार अब हसरंगा चार सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। हसरंगा की कमी पूरी करना लंकाई टीम के लिए संभव नहीं है। वह एक मैच विजेत गेंदबाज होने के साथ ही निचले क्रम में एक उपयोगी बल्लेबाज भी हैं। आयरलैंड के खिलाफ ग्रुप स्तर के पहले ही मैच में हसरंगा ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी और 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए थे। हसरंगा की जगह अब टीम में लेगस्पिनर दुशान हेमंथा को शामिल किये जाने की संभावना है। हेमंथा ने श्रीलंका की ओर से अब तक 5 एकदिवसीय और तीन टी20 खेले हैं, जिसमें उन्होंने 6 विकेट लिए हैं। श्रीलंका को दूसरा ग्रुप मैच 12 फरवरी को ओमान से खेलना है। इसके बाद 16 फरवरी को उसे पल्लेकेले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और अंत में 19 फरवरी को कोलंबो में जिम्बाब्वे से खेलना है। गिरजा/ईएमएस 11 फरवरी 2026