सरगुजा(ईएमएस)। जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के बरगईं में चार युवकों ने मैनपाट घूमने के बहाने स्कार्पियो बुक कर चालक से लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने वापसी के दौरान उल्टी आने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई, फिर चालक का बेल्ट से गला दबाने की कोशिश की और स्कार्पियो लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर पुराने बस स्टैंड पर चार युवकों ने वाहन बुकिंग के लिए एक पंचर दुकान संचालक से संपर्क किया। उसके कहने पर भट्ठी रोड निवासी अंकित सिन्हा अपनी स्कार्पियो (CG 16 CJ 5333) खुद चलाकर पहुंचे और युवकों को मैनपाट घुमाने ले गए। पर्यटन स्थलों पर घूमने और होटल में नाश्ता करने के बाद शाम को लौटते समय बरगईं के पास वारदात हुई। चालक अंकित सिन्हा किसी तरह जान बचाकर भाग निकले। आरोपियों ने उनका मोबाइल फेंक दिया और स्कार्पियो लेकर फरार हो गए। रात करीब 9 बजे पीड़ित ने दरिमा थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 309(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अलर्ट के बाद कोरबा जिले के बांगो क्षेत्र में जंगल के पास स्कार्पियो लावारिस हालत में बरामद हुई। आरोपी फरार हैं और उनकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।