- कलेक्टर ने त्रुटि सुधार कार्य अभियान मोड में करने के दिए निर्देश राजगढ़(ईएमएस) कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जाति प्रमाण पत्र एवं जन्म प्रमाण पत्र अभियान की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि संकुलवार शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र के आवेदन लोक सेवा केंद्रों में व्यवस्थित रूप से जमा कराए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र विद्यार्थी को प्रमाण पत्र के अभाव में शैक्षणिक या शासकीय योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या समग्र आईडी में किसी प्रकार की त्रुटि है, उन्हें अभियान मोड में लेकर समयबद्ध रूप से सुधार की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। समीक्षा के दौरान प्रोफाइल एवं ओटीआर प्रविष्टियों में मात्र 10 प्रतिशत प्रगति पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बीईओ ब्यावरा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं बीईओ जीरापुर एवं खिलचीपुर द्वारा अपेक्षित संतोषजनक कार्य नहीं किए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें।-निखिल /राजगढ़/11/2/2026