- छात्रसंख्या कम होने पर स्कूल बंद करने का प्रस्ताव कांकेर(ईएमएस)। जिले के दुर्गूकोंदल ब्लॉक में बीईओ विप्लव कुमार डे ने दुर्गम क्षेत्र के प्राथमिक शाला ओडाहुर और प्राथमिक शाला गरदा का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एबीईओ अंजनी मंडावी और संकुल प्राचार्य हीरानंद कोठारी भी मौजूद रहे। प्राथमिक शाला ओडाहुर में सहायक शिक्षक सुरेंद्र नेताम उपस्थित मिले और सक्रिय रूप से शैक्षणिक कार्य करते पाए गए। अधिकारियों ने बच्चों के शैक्षणिक स्तर का आकलन करते हुए पहाड़े और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे। साथ ही शिक्षक से ‘हमर लक्ष्य’ कार्यक्रम की जानकारी लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी कराने के निर्देश दिए। वहीं प्राथमिक शाला गरदा के निरीक्षण में प्रधान पाठक बृजलाल टेकाम उपस्थित मिले, लेकिन सहायक शिक्षक दीपक टांडिया बिना सूचना और अवकाश के अनुपस्थित पाए गए। इस पर उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करने के निर्देश दिए गए। गरदा स्कूल में मात्र एक छात्रा कक्षा दूसरी में अध्ययनरत मिली। शिक्षकों की कमी और बेहद कम छात्रसंख्या को देखते हुए चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि अगले शैक्षणिक सत्र में उस छात्रा का नामांकन कन्या आश्रम में कराया जाए, ताकि उसे बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल मिल सके। साथ ही स्कूल को बंद करने के संबंध में प्रस्ताव उच्च कार्यालय भेजने का फैसला किया गया। ईएमएस(राकेश गुप्ता)11 फरवरी 2026