- स्टेट हाईवे पर काली मिट्टी देख भडक़े ऋषि अग्रवाल बीच सडक़ पर अफसरों को सिखाया इंजीनियरिंग का पाठ गुना (ईएमएस)।जिले के बमोरी विधानसभा क्षेत्र के विकास और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विधायक इंजीनियर ऋषि अग्रवाल ने अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपना ली है। फतेहगढ़ स्टेट हाईवे के निर्माण में बरती जा रही घोर लापरवाही और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग को देख विधायक का पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया। उन्होंने न केवल मौके पर काम रुकवाया, बल्कि ठेकेदार और कंसल्टेंसी के इंजीनियरों की बीच सडक़ पर ही जमकर क्लास लगा दी। मैं भी इंजीनियर हूँ, मुझे मत सिखाओ, विधायक ने पकड़ी चोरी पिछले कई दिनों से क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा फतेहगढ़ रोड निर्माण में भ्रष्टाचार की शिकायतें विधायक ऋषि अग्रवाल को मिल रही थीं। उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को सतर्क भी किया, लेकिन जब मंगलवार को वे स्वयं वहां से गुजरे, तो नजारा देख दंग रह गए। रोड निर्माण में बेस के लिए काली मिट्टी का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा था। पेशे से स्वयं इंजीनियर रहे विधायक ऋषि अग्रवाल ने तत्काल गाड़ी रुकवाई और ठेकेदार के प्रतिनिधियों व कंसल्टेंसी इंजीनियर को तलब किया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, मैं भी एक इंजीनियर हूँ और तकनीकी बारीकियों को बखूबी समझता हूँ। क्या सडक़ निर्माण के नियमों में काली मिट्टी डालने का प्रावधान है? गुणवत्ता के साथ यह खिलवाड़ किसके इशारे पर हो रहा है? विधायक के इस तीखे सवाल और तकनीकी ज्ञान के आगे मौके पर मौजूद इंजीनियर बगले झांकने लगे और अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न होने का आश्वासन दिया। भ्रष्टाचार पर निगरानी के लिए बनाई युवाओं की टीम विधायक ऋषि अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि बमोरी विधानसभा में अब कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के दिन लद चुके हैं। उन्होंने मौके पर ही सख्त हिदायत दी कि रोड का निर्माण नियमानुसार और बेहतरीन गुणवत्ता के साथ होना चाहिए। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने एक बड़ा कदम उठाते हुए क्षेत्र के जागरूक युवाओं की एक विशेष निगरानी टीम गठित की है। यह टीम निर्माणाधीन सडक़ के हर पैच पर नजर रखेगी और कहीं भी भ्रष्टाचार या घटिया सामग्री दिखने पर सीधे विधायक को रिपोर्ट करेगी। विधायक अग्रवाल ने कहा कि वे स्वयं भी समय-समय पर औचक निरीक्षण करेंगे और यदि दोबारा लापरवाही मिली, तो ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कराने के साथ संबंधित अधिकारियों पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बहरहाल विधायक ऋषि अग्रवाल की इस सक्रियता ने उन ठेकेदारों और अधिकारियों में हडक़ंप मचा दिया है जो अब तक सरकारी धन की बंदरबांट में लगे थे। बमोरी की जनता अपने विधायक के इस तेवर की सराहना कर रही है, क्योंकि एक इंजीनियर विधायक होने के नाते वे निर्माण कार्यों की हर तकनीकी बारीकी को समझते हैं, जिससे अब क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण विकास की उम्मीद जगी है। - सीताराम नाटानी