11-Feb-2026
...


स्कूली बच्चों को खेल किट और जादुई पिटारा भी देगी भजनलाल सरकार जयपुर,(ईएमएस)। राजस्थान की भजनलाल सरकार में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बुधवार (11 फरवरी) को लगातार तीसरा फुल बजट पेश किया। करीब 2 घंटे 54 मिनट के बजट भाषण में दीया कुमारी ने सरकारी कर्मचारियों, किसानों के साथ हेल्थ सेक्टर, पेयजल, ट्रांसपोर्ट सेक्टर में कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि 8वें वेतन आयोग के लिए हाईपावर कमेटी बनेगी। प्रदेश में परीक्षाओं के लिए नई टेस्टिंग एजेंसी का भी बजट में ऐलान हुआ है। भजनलाल सरकार स्कूली बच्चों को खेल किट और जादुई पिटारा भी देगी। जिन मरीजों के पास डॉक्यूमेंट्स नहीं है, उन्हें भी अब राजस्थान में फ्री इलाज मिलेगा। बजट में मुख्यमंत्री लखपति दीदी योजना में अब कर्ज की सीमा को 1 से बढ़ाकर 1.50 लाख किया है। जलप्रदाय विभाग में 3 हजार संविदा कर्मियों की नियुक्ति की घोषणा की गई है। साथ ही नई जल नीति लाने का भी ऐलान बजट में किया गया है। करीब 6500 गांवों को हर घर नल हर घर जल योजना से जोड़ा जाएगा। इतना ही नहीं वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में 1800 करोड़ रुपए की लागत से नई सड़कें और ब्रिज बनाएगी। 4 जिलों में एयरपोर्ट बनाने के लिए सर्वे भी होगा। अगले साल 15 नए रेलवे ओवर ब्रिज और अंडर ब्रिज भी बनाए जाएंगे। वित्त मंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार 30 हजार युवाओं को 10 लाख तक का ब्याज मुक्त लोन देगी। झींगा पालने वाले किसानों को सस्ती बिजली भी दी जाएगी। इसके अलावा सरकार ने दूसरे राज्यों से गाड़ी खरीदने पर टैक्स में छूट का भी ऐलान किया है। आशीष दुबे / 11 फरवरी 2026