राष्ट्रीय
11-Feb-2026


प्रयागराज,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर को लेकर एक नया विवाद सामने आ गया है। आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने उन पर गंभीर आरोप लगाकर स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में 8 फरवरी को वाद दायर किया है। उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर में गुरुकुल की आड़ में नाबालिग बच्चों का यौन शोषण होता है, और अन्य अवैध गतिविधियाँ संचालित होती हैं। साथ ही यह भी आरोप है कि उनके पास आय से अधिक संपत्ति है, जिसकी निष्पक्ष जांच होना चाहिए। आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपने आरोपों के समर्थन में दो नाबालिग बच्चों को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेकर अविमुक्तेश्वरानंद को नोटिस जारी किया और प्रारंभिक सवाल-जवाब किए। इसके बाद 10 फरवरी को अविमुक्तेश्वरानंद के वकील ने अदालत में जवाब दाखिल किया, जिसमें शिकायतकर्ता पक्ष पर ही आरोप लगाए गए हैं। अब मामले में अगली सुनवाई 20 फरवरी को होगी है। उस दिन दोनों पक्षों के वकील अदालत में अपनी दलीलें पेश करने वाले है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत यह निर्णय ले सकती है कि एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया जाए या वाद को निरस्त कर दिया जाए। गौरतलब है कि आशुतोष ब्रह्मचारी, चित्रकूट के श्री तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य हैं और श्रीकृष्ण जन्मभूमि बनाम शाही मस्जिद ईदगाह मामले में भी पक्षकार रहे हैं। माघ मेला के दौरान हुए विवाद के बाद से रामभद्राचार्य और अविमुक्तेश्वरानंद के बीच मतभेद चर्चा में हैं। आशीष दुबे / 11 फरवरी 2026