पटना (ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना के कदमकुआं क्षेत्र से दुखद घटना सामने आई है। राजेंद्र नगर रोड नंबर-2 में मौजूद घर से 60 वर्षीय महिला वकील इंदिरा लक्ष्मी का झुलसा हुआ शव बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इंदिरा लक्ष्मी पटना हाई कोर्ट और सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करती थीं। उनके पति रांची में रहते हैं, जबकि उनकी एक बेटी दिल्ली में रहती है। जानकारी के अनुसार, शव घर के बरामदे में जली हुई अवस्था में मिला। घटनास्थल से किरोसिन तेल, माचिस और एक दिया बरामद हुआ है। पुलिस को एक मग में भी केरोसिन तेल मिला है। बताया जा रहा है कि घर का मुख्य दरवाजा बंद था और ताला दोनों तरफ से खुलने वाला था। महिला घर के निचले तले पर अकेली रहती थीं। उनके ऊपर वाले फ्लैट में उनके देवर रहते हैं, जिन्होंने सुबह शव देखा। एक केयरटेकर महिला ने भी महिला जली हुई अवस्था में उन्हें देखा और इसकी सूचना दी। केयरटेकर के अनुसार, रात करीब 12 बजे तक इंदिरा लक्ष्मी बरामदे में बैठी थीं। पुलिस ने बताया कि सूचना सुबह लगभग 7:40 बजे मिली। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया शरीर पर किरोसिन डालकर आग लगाने की आशंका है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। घटना से पटना सिविल कोर्ट के वकीलों में शोक की लहर है। अधिवक्ता ऋषिकेश नारायण सहित कई वकीलों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। आशीष दुबे / 11 फरवरी 2026