बिलासपुर (ईएमएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता केके. शर्मा ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 किसान, युवा, महिला, व्यापारी एवं मध्यम वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। बजट किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा देश को तकनीकी रूप से सशक्त करने वाला है। भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रवार्ता में उन्होंने कहा कि बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, रेल, सडक़, रक्षा एवं पूंजीगत व्यय में ऐतिहासिक वृद्धि की गई है। उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए पांच नए विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। चलचित्र निर्माण, दृश्य प्रभाव, खेल निर्माण एवं चित्रकथा क्षेत्र में वर्ष 2030 तक 20 लाख प्रशिक्षित पेशेवर तैयार किए जाएंगे। 10 हजार युवा बनेंगे पर्यटन मार्गदर्शक उन्होंने कहा कि पर्यटन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से 10 हजार युवाओं को पर्यटन मार्गदर्शक के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। महिलाओं के लिए बजट में स्व-सहायता उद्यमी बाजार की घोषणा की गई है। लखपति दीदी योजना का विस्तार करते हुए अब इसका लक्ष्य 2 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ महिलाओं तक किया गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के बजट में 16 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 28,183 करोड़ रुपए किया गया है। किसानों के हित में पशुपालकों के लिए ऋण अनुदान, मछली पालन हेतु 500 बड़े तालाबों का निर्माण, अखरोट एवं बादाम उत्पादक किसानों के लिए विशेष योजनाएँ तथा छोटे किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक प्रावधान किए गए हैं। रक्षा बजट तीन गुना से ज्यादा बढ़ा भारत का रक्षा बजट वर्ष 2013-14 में 2 लाख 53 हजार करोड़ रुपये से बढक़र वर्ष 2026-27 में 7 लाख 85 हजार करोड़ रुपये हो गया है, अर्थात इसमें लगभग 5 लाख 32 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जो लगभग तीन गुना वृद्धि को दर्शाता है। घरेलू रक्षा उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उनसे खरीद के लिए 1.39 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। कृषि व स्वास्थ्य बजट में बढ़ोतरी 2013-14 में केंद्रीय कृषि बजट लगभग 21 हजार 930 करोड़ से 27 हजार 663 करोड़ के बीच था जबकि मोदी सरकार में इस बार का कृषि बजट 1 लाख 40 हजार करोड़ रुपये है। मतलब कृषि बजट को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने लगभग 4 गुना बढाया है। 2013-14 में देश का स्वास्थ्य बजट महज 33 हजार 278 करोड़ रुपये था जबकि मोदी सरकार में इस बार देश का स्वास्थ्य बजट बढक़र 1 लाख 06 हजार 530 करोड़ रुपये हो गया। इसका मतलब, देश का स्वास्थ्य बजट कांग्रेस सरकार की तुलना में 3 गुना बढ़ गया है। रेल बजट साढ़े 4 गुना बढ़ा उन्होंने कहा कि 2013-14 में रेल बजट 63,363 करोड़ रुपये था जबकि इस बार रेल बजट बढ़ कर 2026-27 में अब तक का रिकॉर्ड 2,93,030 करोड़ रुपये हो गया है। रेल बजट कांग्रेस की सरकार की तुलना में साढ़े चार गुना से भी अधिक बढ़ा है। छत्तीसगढ़ को विशेष लाभ शर्मा ने कहा कि बजट में छत्तीसगढ़, ओडिशा एवं केरल के लिए खनन गलियारे के विकास की घोषणा की गई है, जिससे खनिज आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश बढ़ेगा तथा बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। रेल बजट में भी छत्तीसगढ़ को प्राथमिकता देते हुए 7,470 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। केंद्रीय हस्तांतरण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है वित्त वर्ष 2026-27 (बीई) के लिए कर वितरण के रूप में 50,427 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसी तरह अनुदान वित्त वर्ष 2025-26 (बीई) के लिए छतीसगढ़ हेतु 15,000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत राज्य सरकारों को 50 वर्ष की ब्याज मुक्त ऋण के रूप में विशेष सहायता प्रदान की जाती है, जिसका पूरा ब्याज भार केंद्र सरकार दवारा वहन किया जाता है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि 25.1 लाख किसान लाभान्वित हुए हैं। इस अवसर पर बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी हेमंत पाणिग्रही भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, जिला महामंत्री सोमेश तिवारी, प्रदीप कौशिक, जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा, जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित उपस्थित रहे। मनोज राज 11 फरवरी 2026