11-Feb-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने के अंतर का भुगतान होली से पहले एकमुश्त करने का लिया गया। इस वर्ष खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान के मूल्य के अंतर के रूप में लगभग 10 हजार करोड़ रुपए होली त्योहार से पहले भुगतान करेगी। यह योजना राज्य के किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल के मान से खरीदने की सुविधा देती है, जो देश में सबसे अधिक है। पिछले दो वर्षों में इस योजना के तहत किसानों को मूल्य अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष होली से पहले भुगतान के बाद यह राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपए हो जाएगी। इसके अलावा कैबिनेट ने षष्ठम् विधान सभा के अष्टम् सत्र (फरवरी-मार्च 2026) के लिए राज्यपाल के अभिभाषण का अनुमोदन और 2026-27 के बजट अनुमान हेतु छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 का प्रारूप विधानसभा में प्रस्तुत करने का निर्णय भी लिया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026