अंबरनाथ, (ईएमएस)। दो अज्ञात लोगों ने ५६ साल की एक महिला को बातों में उलझाकर चालाकी से हजारों रूपये का सोने का जेवर ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार अंबरनाथ पश्चिम, भवानी चौक परिसर में रहने वाली ५६ साल की एक महिला जया चंद्रन मुदलियार ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ शिवाजी नगर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। अपनी शिकायत में उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर ढाई बजे वह अंबरनाथ पूर्व में रेलवे स्टेशन के सामने शिवधाम रोड पर पैदल जा रही थी। तभी दो अज्ञात लोगों ने उन्हें रोककर कहा कि एक सेठ को लड़का हुआ है और वह गरीब लोगों को १२०० रुपया नकद तथा साड़ी बाँट रहा है। इसलिए तुम अपने गले की सोने की चेन और कान का कर्णफूल थैला में रख लो। इस दौरान उन लोगों ने मदद के बहाने चालाकी से ४४ हजार रूपये मूल्य का चेन और कर्णफूल लेकर वहां से चम्पत हो गए। बहरहाल मामले की जाँच पुलिस कर रही है। संतोष झा- ११ फरवरी/२०२६/ईएमएस