राज्य
11-Feb-2026
...


:: महापौर और विधायकों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन; बोले- अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही ध्येय :: इंदौर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के पितृ पुरुष और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि (समर्पण दिवस) के अवसर पर आज भाजपा नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बिलावली जोनल कार्यालय के समीप स्थित उद्यान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित भाजपा के वरिष्ठ विधायकों और पदाधिकारियों ने पंडित जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल जी का जीवन राष्ट्रसेवा और संगठन निर्माण का अप्रतिम उदाहरण है। उन्होंने ‘एकात्म मानववाद’ के माध्यम से विश्व को एक ऐसा दर्शन दिया, जो समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के कल्याण यानी अंत्योदय की बात करता है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकारें उन्हीं के सिद्धांतों को चरितार्थ कर रही हैं। :: पार्टी नेतृत्व ने दी पुष्पांजलि :: श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विधायक मधु वर्मा, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ और गोलू शुक्ला ने पंडित जी के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें एक महान दूरदर्शी और कुशल संगठनकर्ता बताया। नेताओं ने कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता पंडित जी के दिखाए अंत्योदय के मार्ग पर चलते हुए समाज सेवा के कार्यों में जुटा है। कार्यक्रम के दौरान सुमित मिश्रा, पार्षद सुनीता सुनील हार्डिया सहित भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बलिदान को याद करते हुए उनके विचारों को बूथ स्तर तक ले जाने का आह्वान किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की नींव रखने वाले ऐसे महापुरुष की शिक्षाएं सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी। प्रकाश / 11 जनवरी 2026