-राहुल ने पुलिस में शिकायत में बताया- घर से दो लाख और जेवर लेकर गई अलीगढ़,(ईएमएस)। अलीगढ़ में सास, जो पिछले साल अपने होने वाले दामाद के साथ भाग गई थी, एक बार फिर चर्चा में आ गई है। करीब दस महीने तक दामाद राहुल के साथ बिहार में पति-पत्नी की तरह रहने के बाद अब उसने दामाद को भी धोख दे दिया है। इस बार वह अपने जीजा के साथ भाग गई और दो लाख रुपये नकद व जेवर भी साथ ले गई। परेशान दामाद शिकायत लेकर अलीगढ़ पहुंचा, लेकिन पुलिस ने यह कहकर लौटा दिया कि मामला बिहार का है। रिश्तों की यह उलझी कहानी अब एक नए मोड़ पर खड़ी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह पूरा मामला अप्रैल 2025 से शुरू होता है। 16 अप्रैल को महिला की बेटी की शादी तय थी। घर में तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन शादी से महज 12 दिन पहले ऐसा हुआ जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी, जिस युवक राहुल से बेटी की शादी होने वाली थी, उसी के साथ सास भाग गई। आरोप लगा कि वह घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हुई। परिवार ने तब दावा किया था कि करीब पांच लाख रुपये के जेवर और साढ़े तीन लाख रुपये कैश गायब थे। बेटी ने मीडिया के सामने कहा था, मां घर में दस रुपये भी नहीं छोड़कर गईं। परिवार के मुताबिक महिला ने दामाद राहुल को एक स्मार्टफोन दिलवाया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। पहले शादी की तैयारियों के नाम पर बात होती थी, फिर घंटों-घंटों फोन कॉल चलने लगे। महिला के पति जितेंद्र ने तब आरोप लगाया था कि जब वह शादी की तैयारी के सिलसिले में घर आए तो पता चला कि पत्नी और राहुल के बीच 15-20 घंटे तक फोन पर बातचीत हो रही है। पहले उन्होंने इसे सामान्य माना, लेकिन बाद में शक गहराता गया। जब मामला सुर्खियों में आया और पुलिस सक्रिय हुई, तब पता चला कि दोनों अलीगढ़ से कासगंज, फिर बरेली होते हुए बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंचे थे। कुछ दिन वहीं रुके। यहां तक कि नेपाल बॉर्डर जाने की भी योजना बनाई गई थी। राहुल ने बाद में बताया था कि जब उन्होंने मोबाइल चलाया तो देखा कि दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं। हर तरफ चर्चा थी। तब दोनों ने खुद लौटने का फैसला किया। मुजफ्फरपुर से बस पकड़कर वे उत्तर प्रदेश लौटे और अंततः थाना दादों पहुंचकर सरेंडर कर दिया था। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर महिला को राहुल के साथ जाने की अनुमति दे दी थी। करीब दस महीने तक दोनों बिहार में साथ रहे। सूत्रों के मुताबिक वे पति-पत्नी की तरह रह रहे थे, लेकिन हाल ही में राहुल ने आरोप लगाया कि महिला उसे छोड़कर अपने जीजा के साथ चली गई है। राहुल का कहना है कि जाते समय वह दो लाख रुपये नकद और कुछ जेवर भी साथ ले गई। राहुल ने कहा कि उसने अपना घर छोड़ा, समाज की बातें सुनीं। अब वह उसे ही छोड़कर चली गई। राहुल अलीगढ़ पहुंचा और थाना दादों में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने क्षेत्राधिकार का हवाला देते हुए कहा कि घटना बिहार में हुई है, इसलिए वहीं की पुलिस कार्रवाई करेगी। अब राहुल बिहार जाकर शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में है। सिराज/ईएमएस 12फरवरी26