राज्य
11-Jun-2026
...


- तापमान में आएगी गिरावट पटना, (ईएमएस)। बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को राज्य के 38 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। गुरुवार सुबह पटना, बक्सर, दरभंगा, सुपौल और छपरा में आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कई स्थानों पर घने बादल और अंधेरा छा जाने से दिन में भी वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। राजधानी पटना समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, जहानाबाद, अरवल, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पूर्वी हवाओं के प्रभाव से राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। इसके कारण अगले 24 घंटे तक अधिकांश जिलों में मौसम बदला रह सकता है और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान मुजफ्फरपुर, मधुबनी, बेतिया और बगहा में बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश और नमी का यह सिलसिला जारी रहता है, तो बिहार में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। हालांकि, राज्य में मानसून के औपचारिक प्रवेश की घोषणा अभी नहीं की गई है। विभाग के अनुसार 12 से 15 जून के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने, रुक-रुककर बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बिहार में मौसम का यही बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है। - ११ जून/२०२६/ईएमएस