खेल
13-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी के बाद से ही ईशान किशान ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। नामीबिया के खिलाफ मैच में भी उन्होंने अर्धशतक लगाकर टीम की जीत में योगदान दिया। ईशान ने इस मैच में 24 गेंदों में 61 रन बनाने के साथ ही एक अहम उपलब्धि अपने नाम कर ली है। अब वह टी20 विश्वकप में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इस प्रकार उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले किसी भी भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने टी20 विश्वकप में अर्धशतक नहीं लगाया था। ईशान इस मैच में अपनी पारी के साथ ही टूर्नामेंट में विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गये हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड धोनी के नाम था। धोनी ने साल 2007 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों में 45 रन बनाये थे वहीं सबसे अधिक रनों के मामले में तीसरे नंबर पर ऋषभ पंत हैं। ऋषभ ने साल 2024 टी20 विश्वकप में पाकिस्तान के खिलाफ 42 रन बनाये थे। चौथे स्थान पर भी ऋषभ हैं। उन्होंने साल 2021 में पाक के खिलाफ 39 रन बनाये थे। वहीं विश्वकप में सबसे अधिक रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाजों में न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम पहले नंबर पर हैं। मैकुलम ने साल 2012 में पल्लेकेले में न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच हुए मैच में 58 गेंदों में 123 रन बना दिये थे। गिरजा/ईएमएस 13फरवरी 2026