खेल
13-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन नामीबिया के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप मुकाबले में रन बनाने में तो असफल रहे पर मैच में उतरने के साथ ही उन्होंने सबसे अधिक उम्र में टी20 विश्वकप डेब्यू का रिकार्ड जरुर अपने नाम कर लिया। सैमसन ने अपना ये पहला मैच 31 साल 93 दिन की उम्र में खेला और इसी के साथ ही वह भारत की ओर से सबसे अधिक उम्र में टी20 विश्व कप में खेलने वाले दूसरे सबसे अधिक उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। सबसे अधिक उम्र में डेब्यू का रिकार्ड स्पिनर अमित मिश्रा के नाम है, उन्होंने साल 2014 में पाकिस्तान के खिलाफ मीरपुर में 31 साल 117 दिन की उम्र में अपना पहला मैच खेला था। वहीं सूर्यकुमार यादव ने 31 साल 40 दिन में अपना पहला मैच खेला था जबकि पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने 31 साल 2 दिन की उम्र में अपना पहला मैच खेला। लक्ष्मीपति बालाजी ने 30 साल 358 दिन की उम्र में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना पहला टी20 खेला था। गिरजा/ईएमएस13 फरवरी 2026