खेल
14-Feb-2026
...


- भारत-पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ भी दिखाया दम नई दिल्ली (ईएमएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से ही रोमांच चरम पर है। इस बार यूएसए, नामीबिया और नेपाल जैसी टीमें लगातार चौंका रही हैं। इन्हीं टीमों में उभरा है एक ऐसा नाम जिसने टूर्नामेंट में अपनी धारदार गेंदबाज़ी से तहलका मचा दिया है अमेरिका के ऑलराउंडर शैडली वैन शल्कविक। 37 वर्ष की उम्र में इंटरनेशनल स्तर पर अनुभव भले ही सीमित हो, लेकिन उनके प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट का सबसे चर्चित गेंदबाज़ बना दिया है। तीन मैचों में 11 विकेट लेकर उन्होंने अपने नाम टी20 वर्ल्ड कप 2026 का अब तक का सर्वोच्च विकेट-टेकर होने का रिकॉर्ड दर्ज किया है, जिसमें दो बार चार-चार विकेट शामिल हैं। 6.45 की शानदार इकोनॉमी बताती है कि शैडली कितने प्रभावी रहे हैं। टूर्नामेंट में जहां जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर जैसे सुपरस्टार गेंदबाज़ मौजूद हैं, वहीं शैडली ने अपने कौशल से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। भारत के खिलाफ उन्होंने अपना पहला मैच खेला और पावरप्ले में ही भारतीय शीर्षक्रम को ध्वस्त कर दिया। छठे ओवर में मात्र कुछ ही गेंदों में उन्होंने ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे को आउट करके भारतीय बल्लेबाज़ी की रीढ़ तोड़ दी। शैडली ने 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 4 विकेट चटकाए और भारत के खिलाफ एक अविस्मरणीय स्पेल डाला। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ भी उनका कहर जारी रहा। इस मुकाबले में उन्होंने फिर 25 रन देकर 4 विकेट लिए और शादाब खान, सलमान आगा और सैम अयूब जैसे मुख्य बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेजा। हालांकि उनका यह प्रदर्शन जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था, लेकिन उन्होंने अपनी गेंदबाज़ी से पाकिस्तान बल्लेबाज़ों को पूरी तरह बैकफुट पर रखा। नीदरलैंड के खिलाफ भी उन्होंने 3 विकेट लेकर यूएसए को टूर्नामेंट की पहली जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। शैडली वैन शल्कविक मूल रूप से साउथ अफ्रीका में जन्में क्रिकेटर हैं। उनका घरेलू करियर भी बेहद प्रभावशाली रहा है। वेस्टन प्रोविन्स के लिए उन्होंने 2008 में शुरुआत की, जहां उन्होंने फर्स्ट-क्लास में 2593 रन और 239 विकेट लिए। लिस्ट-ए में उनके नाम 1113 रन और 26 विकेट दर्ज हैं। बावजूद इसके उन्हें साउथ अफ्रीका की राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली, जिसके बाद वे 2020 के दशक में अमेरिका चले गए। 2024 टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने अमेरिका के लिए पदार्पण किया। फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट में वे लॉस एजेलिस नाईट रायडर और अबुधाबी किंग्स रायडर के लिए खेलते हैं। अब तक वे इंटरनेशनल क्रिकेट में 13 वनडे और 17 टी20आई मैच खेल चुके हैं। शैडली वैन शल्कविक का यह प्रदर्शन न सिर्फ अमेरिका के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि यह साबित करता है कि क्रिकेट अब केवल पारंपरिक देशों तक सीमित नहीं रहा। उनकी सफलता इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कहानियों में से एक बन गई है। डेविड/ईएमएस 14 फरवरी 2026