- गुना के तेलघानी चौराहे पर विजयरथ का जश्न, पाक पर ऐतिहासिक जीत से गूँजा शहर गुना (ईएमएस) | क्रिकेट के मैदान पर जब भी भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होती है, तो रोमांच अपनी चरम सीमा पर होता है। रविवार को टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर 61 रनों की ऐतिहासिक जीत ने गुना के युवाओं को जोश से भर दिया। जैसे ही कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान का आखिरी विकेट गिरा, गुना का तेलघानी चौराहा भारत माता की जय और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारों से गूँज उठा। - बड़ी स्क्रीन पर रोमांच, हर विकेट पर शोर मैच के रोमांच को दोगुना करने के लिए तेलघानी चौराहे पर एक विशाल स्क्रीन लगाई गई थी। यहाँ शाम से ही क्रिकेट प्रेमियों का जमघट लगना शुरू हो गया था। भारतीय गेंदबाजों के आगे जैसे-जैसे पाकिस्तानी बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह ढहते गए, वैसे-वैसे यहाँ मौजूद युवाओं का उत्साह सातवें आसमान पर पहुँच गया। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की घातक गेंदबाजी पर युवाओं ने जमकर तालियां बजाईं। - देशभक्ति के तरानों पर थिरके युवा जीत की औपचारिक घोषणा होते ही जश्न का सैलाब उमड़ पड़ा। युवाओं ने चक दे इंडिया और संदेशे आते हैं जैसे देशभक्ति गीतों पर जमकर डांस किया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। प्रशंसकों का कहना था कि ईशान किशन की आक्रामक पारी और गेंदबाजों के संयुक्त प्रयास ने मैच को एकतरफा बना दिया। - सुपर-8 में भारत की शानदान एंट्री उल्लेखनीय है कि 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाक टीम महज 114 रनों पर सिमट गई। रनों के लिहाज से यह टूर्नामेंट के इतिहास में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की गई है। इस लगातार तीसरी जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहते हुए सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। गुना के क्रिकेट प्रेमियों को अब टीम इंडिया से वर्ल्ड कप ट्रॉफी घर लाने की उम्मीद है। सीताराम नाटानी