- पुणे-सुपौल एक्सप्रेस में भिटौनी रेल्वे स्टेशन के समीप वारदात जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर के भिटौनी रेल्वे स्टेशन के समीप पुणे-सुपौल एक्सप्रेस के जनरल कोच में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक वेंडर ने मामूली विवाद के बाद एक यात्री पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात ने पुन: एक बार रेल यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खडा कर दिए हैं। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाजीपुर निवासी 29 वर्षीय राहुल सिंह राजपूत गाड़ी संख्या 11041 पुणे-सुपौल एक्सप्रेस से अपने घर वापस लौट रहा था। बताया जाता है कि ट्रेन जब जबलपुर के भिटौनी स्टेशन के पास पहुंची, कि इसी बीच राहुल का ट्रेन में सवार एक वेंडर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर में बहस इतनी बढ़ गई कि आक्रोशित वेंडर ने अपने पास रखा चाकू निकालकर राहुल के पैर पर वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से डिब्बे में बैठे अन्य यात्री सहम गए। कोच में काफी देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम सक्रिय हुई और ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी ने घायल यात्री को तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी वेंडर की पहचान कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। ईएमएस / 16 फरवरी 26