क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


सारंगपुर (ईएमएस)। श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ संरक्षण महासभा संभाग भोपाल द्वारा मध्य प्रदेश के समस्त दिगंबर जैन मंदिरों के लिए एक सुंदर दीवार घड़ी समर्पित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में सोमवार, 16 फरवरी को सारंगपुर स्थित श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र, बड़ा मंदिर एवं श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन छोटा मंदिर व तिंगजपुर के चन्दाप्रभु जिनालय में घड़ी विधिवत स्थापित की गई। स्थानीय महासभा के सदस्यों ने मंदिर प्रबंधन की उपस्थिति में घड़ी को यथास्थान लगाया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने इसे समय की अनुशासनबद्ध साधना और धार्मिक गतिविधियों के सुचारू संचालन की दिशा में एक सार्थक पहल बताया। मंदिरों में प्रातःकालीन पूजन, अभिषेक, स्वाध्याय एवं आरती जैसे नियमित कार्यक्रम समयानुसार संचालित होते हैं, ऐसे में यह घड़ी श्रद्धालुओं एवं प्रबंध समिति दोनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। इस मौके पर महासभा उपाध्यक्ष लतेश सिधई ने कहा कि तीर्थ संरक्षण महासभा का उद्देश्य केवल प्राचीन जैन तीर्थों का संरक्षण ही नहीं, बल्कि मंदिरों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति में भी सहयोग करना है। मंदिरों में इस प्रकार की छोटी-छोटी लेकिन उपयोगी व्यवस्थाएँ श्रद्धालुओं की सुविधा और अनुशासन को सुदृढ़ करती हैं। अंत में मंदिर प्रबंधन समिति ने महासभा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल अन्य मंदिरों के लिए भी प्रेरणादायी सिद्ध होगी। विजय जैन ने अपने संबोधन में कहा कि समय ही साधना का आधार है। मंदिरों में हर क्रिया—चाहे वह पूजन हो, अभिषेक हो या स्वाध्याय—निर्धारित समय पर संपन्न हो, यह आवश्यक है। महासभा का यह प्रयास मंदिरों में समय-संवेदनशीलता और व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी महासभा मंदिरों की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग करती रहेगी। कार्यक्रम में महासभा के केंद्रीय कोषाध्यक्ष राजेंद्र जैन लड्डू, भोपाल संभाग उपाध्यक्ष लतेश जैन सिंघई, विजय जैन एवं सदस्य नरेंद्र जैन पत्रकार, चंद्र कुमार जैन एडवोकेट सहित अन्य गणमान्य सदस्य भी मौजूद थे। .../ 16 फरवरी /2026