क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


- बच्चे के दोस्तों ने खिड़की से देखा - क्षेत्र में मचा बवाल, ग्रामीण और परिजन पहुंचे स्कूल, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल पटना,(ईएमएस)। बिहार के शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर 10 साल के मासूम छात्र के साथ अप्राकृतिक कुकृत्य करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घटना बीते 11 फरवरी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सामस निवासी आरोपी शिक्षक सदन कुमार ने छठी कक्षा के एक छात्र को बहला-फुसलाकर अपने कार्यालय में बुलाया। आरोप है कि वहां शिक्षक ने छात्र के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। इसी बीच छात्र के सहपाठियों ने खिड़की से यह सब देख लिया, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी ने छात्र को डरा-धमकाकर वहां से भगा दिया। रिपोर्ट के मुताबिक डरे हुए छात्र ने जब अपने सहपाठियों और परिजनों को आपबीती सुनाई, तो इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल पहुंचकर आरोपी शिक्षक को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भीड़ के दबाव में शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से शिक्षक को छुड़ाकर हिरासत में लिया। ग्रामीण और अभिभावक आरोपी शिक्षक की सेवा तत्काल समाप्त करने की मांग पर अड़े हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन दोनों हरकत में आया। एसडीपीओ ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को जेल भेज दिया गया है। शिक्षा विभाग के डीपीओ ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने विभाग को विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी है और आरोपी के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की है। सिराज/ईएमएस 16फरवरी26